मवाना। भद्रकाली मंदिर से लौटते समय एक बाइक कार से टकरा गई, जिससे बाइक सवार मां, बेटे और बेटी घायल हो गए। तजपुरा निवासी अमन अपनी बहन नेहा और मां लक्ष्मी के साथ भद्रकाली मंदिर से लौट रहे थे। यह हादसा रविवार अपराह्न 2 बजे के आसपास हुआ।
अमन के अनुसार, उनके आगे चल रही कार के सामने अचानक जंगली जीव आने पर चालक ने ब्रेक लगाए। इससे अमन बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और बाइक कार से जा भिड़ी। हादसे में तीनों घायल हो गए। एक वाहन चालक ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। अमन और लक्ष्मी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। नेहा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि इस मामले में मवाना थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।