फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mother's Day 2019: बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर बोले- धरती से विशाल,...अंबर से ऊंची है 'मां'

Sun, 12 May 2019 12:24 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
1 of 7
वंशिका भगत, एमपीजीएस में बारहवीं की टॉपर  - फोटो : अमर उजाला
धूप को साया, जमी को, 
आसमां करती है मां
हाथ रखकर मेरे सर पर, सायेबां करती है मां
मेरी  ख्व़ाहिश और मेरी ज़िद
उसके क़दमों पर निसार, 
हां की गुंजाइश न हो तो, फिर भी हां करती है 'मां'

मशहूर शायर नवाज देवबंदी की ये पंक्तियां मां के उस रूप को साक्षात परिलिक्षित करती हैं, जो हर मुश्किल में बच्चे का हाथ थामे हैं। संसार की तमाम दुश्वारियों को दरकिनार रख मां बच्चे की सफलता की दुआ मांगती है। हर कदम पर मां अपने बच्चे की शक्ति बनकर खड़ी होती है। जीवन की इन्हीं चुनौतियों का सामना कर, मम्मियों ने बच्चों को बोर्ड परीक्षा में सफल बनाया है।
सीबीएसई, आईसीएसई या यूपी बोर्ड 2019 की बोर्ड परीक्षाओं में 100 प्रतिशत अंक लाने वाले टॉपर सफलता का श्रेय मां को देते हैं। वो कहते हैं कि ये बोर्ड परीक्षाएं हमारी नहीं, बल्कि मम्मी की बोर्ड परीक्षा थी। अपनी पढ़ाई से ज्यादा मम्मी के सहयोग और योगदान से हम टॉपर बने। आज मदर्स डे पर हमें मौका मिला है कि अपनी मम्मी के लिए कुछ करें। मदर्स डे पर बोर्ड परीक्षा के टॉपर ने अपनी उन भावनाओं को साझा किया जिसे वो अपनी मां से कह नहीं पाए। 

मेरे लिए खुद का कॅरियर भूल गईं मम्मी -वत्सल वार्ष्णेय 
दीवान पब्लिक स्कूल से पढ़ाई कर सीबीएसई दसवीं की परीक्षा में ऑल इंडिया में टॉपर बने वत्सल वार्ष्णेय कहते हैं, मम्मी ने मेरे लिए अपने कॅरियर से बहुत कांप्रोमाइज़ किया। वत्सल की मम्मी डॉ. तरंग गोयल मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर हैं।
परिवार सोमदत्त विहार में रहता है। बकौल वत्सल मम्मी हमेशा मेरे खाने का ख्याल रखती। खुद जॉब पर जाती, लेकिन मेरी हर चीज को तैयार करके रखती। मैं टेंशन में न आऊं, मेरे पसंद का खाना बनाना, टाइम देने की पूरी कोशिश करती थीं। शाम 5 बजे घर आकर, मेरे सोने और खाने का पूरा ध्यान रखतीं। डिसीजन लेने में पूरा साथ देतीं। पूरे एक साल उन्होंने अपने एकेडमिक करियर और कांफ्रेंस पर ध्यान नहीं दिया।
विज्ञापन

2 of 7
अक्षिति मनोहर, आईसीएसई 12वीं की जिला टॉपर  - फोटो : अमर उजाला
मम्मी के बनाए टाइम टेबल को किया फॉलो- अक्षिति मनोहर, आईसीएसई 12वीं की जिला टॉपर 
सोफिया गर्ल्स स्कूल में 12वीं की जिला टॉपर अक्षिति मनोहर कहती हैं मेरी परीक्षा के लिए मम्मी ने इतना अच्छा टाइम टेबल बनाया, मैं शायद ऐसा नहीं कर पाती। मोती प्रयाग कॉलोनी निवासी अक्षिति की मम्मी सुनीता मित्तल गृहणी हैं। बकौल अक्षिति मेरी पढ़ाई की पूरी शेड्यूलिंग मम्मी ही करती। केवल टाइम टेबल बनाकर छोड़ा नहीं उसे फॉलो कराया। मुझे ट्रैक करती थी कि मैं तनाव में तो नहीं हूं। 

मम्मी लेती थीं टेस्ट, इसलिए बनी बेस्ट
केएल इंटरनेशनल स्कूल से बारहवीं की परीक्षा देकर जिला टॉपर बनी अनन्या कहती है मेरी पढ़ाई में मम्मी सोनिया गोयल का सबसे बड़ा रोल है। बोर्ड परीक्षा की पूरी तैयारी में मम्मी मेरा टेस्ट लेती थीं। सदर निवासी अनन्या के अनुसार मम्मी ने मुझ पर कभी प्रेशर नहीं डाला, काम नहीं कराया। म्यूजिक, फाइन आर्ट में मेरी काफी मदद की थी। पूरे साल ही हमारे घर में मेहमानों का आना एकदम कम कर दिया, बल्कि मम्मी-पापा भी कहीं नहीं गए। 
विज्ञापन

3 of 7
दिव्या अग्रवाल  एमपीजीएस स्कूल से सीबीएसई बारहवीं की परीक्षा में टॉपर - फोटो : अमर उजाला
मां ने हमेशा प्रेरित किया- दिव्या अग्रवाल 
एमपीजीएस स्कूल से सीबीएसई बारहवीं की परीक्षा में टॉपर बनीं दिव्या अग्रवाल कहती हैं मेरी परीक्षा में मम्मी मुझसे ज्यादा कांफिडेंट रहती थी। दिव्या की मम्मी अर्चना अग्रवाल कामकाजी महिला हैं। परिवार जागृति विहार में रहता है। बकौल दिव्या मेरा लंच-डिनर पढ़ाई के कारण छूटता ही था, लेकिन मम्मी उसकी कमी कैसे पूरी करनी है यह ध्यान रखती।

मैं तो हॉपलेस होकर चिल्लाने लगती, रोने लगती तो वो मुझे प्रेरित करती। वो मुझ पर इतना भरोसा करती हैं कि उन्होंने मुझे परीक्षा में भी किसी काम के लिए नहीं रोका। घूमने-फिरने की पूरी आजादी दी। शायद यही वजह थी कि मैं तनाव रहित होकर पढ़ पाई। यही चीज मेरे लिए इंस्पायरिंग फैक्टर बनी। उन्हें मेरी क्षमताएं पता हैं मैं बिल्कुल भी कांफिडेंस नहीं रहती, उन्हें भरोसा था लेकिन मुझे नहीं था। मम्मी के लिए सरप्राइज प्लान किया है, शॉपिंग भी की है। 

4 of 7
वैदिक अग्रवाल -सेंट मेरीज एकेडमी- आईसीएसई दसवीं में एनसीआर के टॉपर - फोटो : अमर उजाला
मेरी सफलता में मम्मी की अहम भूमिका -वैदिक अग्रवाल
सेंट मेरीज एकेडमी से पढ़ाई कर आईसीएसई दसवीं में एनसीआर के टॉपर बने वैदिक अग्रवाल मदर्स डे को लेकर खासे उत्साहित हैं। बकौल वैदिक परीक्षा में मेरी सफलता के पीछे मम्मी डॉ. सारिका का बड़ा रोल रहा। पूरे पेपर में मम्मी रोजाना का टाइम टेबल बनाने में मदद करती रहीं। मेरे लिए नई-नई किताबें लाकर देतीं, ताकि मैं और अच्छा पढ़ सकूं। बायोलॉजी और हिंदी में उन्होंने काफी मदद की। आई लव माय मॉम। 

जब भी टूटा मां ने ही संभाला -शुभ अग्रवाल  
दीवान पब्लिक स्कूल से दसवीं की परीक्षा में टॉपर बने शुभ अग्रवाल कहते हैं बोर्ड परीक्षा के दौरान मैं कई बार हताश हुआ, टूट जाता। लेकिन मम्मी ने मुझे कभी थकने नहीं दिया। शुभ की मम्मी निधि अग्रवाल गृहणी हैं, परिवार प्रभात नगर में रहता है। बकौल शुभ जिंदगी में परीक्षा से कुछ दिन पहले काफी मुश्किलें आईं। लेकिन मां ने सभी को आसान कर दिया। 
विज्ञापन

5 of 7
वंशिका भगत, एमपीजीएस में बारहवीं की टॉपर  - फोटो : अमर उजाला
आज मम्मी की पसंद का नाश्ता बनाऊंगी- वंशिका भगत, एमपीजीएस में बारहवीं की टॉपर 
मदर्स डे पर मम्मी सीमा गौतम भगत के लिए उनकी पसंद का नाश्ता बनाकर उन्हें सरप्राइज देंगी। बकौल वंशिका पहले मम्मी को चाय बनाकर पिलाऊंगी ताकि वो खुश हो जाएं फिर नाश्ता खिलाऊंगी। वंशिका की मम्मी सीमा भगत प्राथमिक विद्यालय नगली किठौर में प्रिंसिपल हैं। वंशिका कहती हैं मेरी मम्मी खुद कामकाजी महिला हैं, लोग तो बच्चों की बोर्ड परीक्षा के लिए छुट्टी ले लेते हैं, लेकिन मम्मी ने छुट्टी नहीं ली। मेरे पेपर के लिए समय निकालकर तैयारी कराई। 

मदरहुड पर लिखा उपन्यास
वंशिका मम्मी से इतनी प्रभावित हैं कि उन्होंने 11वीं कक्षा में ही अपनी मम्मी के लिए एक उपन्यास मदर एट 19 मदरहुड लव लिखा। इसमें मां के जीवन की चुनौतियां, संतान के लिए उसके समझौतों को जाहिर किया। 2019 जनवरी में यह उपन्यास प्रकाशित हुआ। अमेजॉन, फ्लिपकार्ट सभी पर उपलब्ध है, इंडियन लिटरेचर टॉप 20 रेटिंग में है। 
विज्ञापन

6 of 7
आर्यमन, आईसीएसई 12वीं की जिला टॉपर  - फोटो : अमर उजाला
मेरी हर गलती को मम्मी ने सुधारा
सोफिया गर्ल्स स्कूल से दसवीं की टॉपर खुशी अरोरा सफलता का श्रेय मम्मी डॉ. कोमल अरोरा को देती हैं। खुशी कहती हैं मैं पढ़ने के दौरान अक्सर गलती कर देती थी। अपनी गलती पर बैठकर रोती तो मम्मी मुझे समझाती कि आगे से ऐसी कोई गलती नहीं करना। मेरे खाने-पीने का ख्याल रखने से लेकर पढ़ाई में जब भी कोई परेशानी आई तो मम्मी ने उस परेशानी को हल कराया। गणित में मेरी बहुत मदद करती थीं। मम्मी चिकित्सक हैं मुझे पूरा टाइम देती हैं। 

इंग्लिश में मम्मी ने की मदद -आर्यमन, आईसीएसई 12वीं की जिला टॉपर 
सेंट मेरीज एकेडमी से आईसीएसई बोर्ड परीक्षा में 12वीं में जिला टॉपर बने आर्यमन के इंग्लिश के डाउट मम्मी क्लीयर करती थी। गंगानगर निवासी आर्यमन आनंद की मम्मी मेनका आनंद गृहणी और पिता अंबर आनंद स्पोर्ट्स उद्यमी हैं। बकौल आर्यमन मम्मी ने केवल मेरा ख्याल ही नहीं रखा बल्कि पढ़ाई में पूरी मदद करती रहीं। मुझे पढ़ते समय खाने का वक्त ही याद नहीं रहता था। मुझे शाम को 6 बजे दूध देना, हेल्दी डाइट देना, लेट नाइट स्टडी में भी कुछ खाने-पीने का देना सब मम्मी करतीं।  
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
Mother's Day 2019 - फोटो : अमर उजाला
मां के साथ से मिला हौसला -मनराज
सिटी वोकेशनल पब्लिक स्कूल में दसवीं की परीक्षा में सफल हुए मनराज कहते हैं अगर मम्मी का साथ न मिलता तो मैं कभी पास नहीं होता। मनराज की मम्मी मनमीत चड्ढा इसी स्कूल में कार्यरत हैं। बकौल मनमीत 2011 में हमें मनराज की कमी के बारे में पता चला, कि इसके मसल्स वीक हो रहे हैं। तभी मुझे लगा कि ये समय हारने का नहीं, बल्कि बच्चे के साथ खड़े होने का है।
बकौल मनराज मेरी परीक्षा में मम्मी ने कभी अहसास नहीं होने दिया कि मैं अकेला हूं। मुझे पेपर में लेकर जाना, बैठाना, छोड़ना, वापस लाना सब मम्मी करती। मेरा हर ख्याल रखा। मैं तो कई बार टूट जाता कि मम्मी मुझसे पढ़ाई नहीं होगी, लेकिन वो हमेशा मुझे संभालती रही। इसलिए मैं इतने अच्छे अंक लाया। 

मेरी पढ़ाई के लिए छोड़ा अपना काम-श्रीवस्ता
सोफिया गर्ल्स स्कूल में कॉमर्स की टॉपर श्रीवस्ता ने आज मदर्स डे पर मम्मी की पसंद की चीजें खरीदी हैं। जिसे वो मम्मी प्रियंका सेठ को देगी। श्रीवस्ता की मम्मी प्रियंका जीडी गोयंका स्कूल पल्लवपुरम में शिक्षिका हैं। श्रीवस्ता कहती हैं मैं सचमुच मम्मी को हैड्सऑफ करती हूं कि वो इतना सब कैसे मेनेज करती हैं। मेरी परीक्षा में उन्होंने चार से पांच महीने की छुट्टी ली। ताकि वो मेरा पूरा ख्याल रख सकें। मेरी हर छोटी सी चीज का पूरा ख्याल रखा। मुझे कभी घर पर अकेला नहीं छोड़ा। स्कूल, ट्यूशन में कभी लेट नहीं होने दिया, सारा दिन घर पर ही रहती थी मुझे देखने के लिए की तबियत ठीक है या नहीं। उनकी मेहनत है जो मैं सफल हुई।

नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें


https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें