संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। नगर पालिका द्वारा भीषण गर्मी में लोगों के पानी पीने के लिए विभिन्न स्थानों पर वाटर एटीएम तो लगा रखे हैं लेकिन उनकी साफ सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस कारण कई वाटर एटीएम पर काई और गंदगी तो कुछ में पानी निकासी ठीक से नहीं हो रही है।
भीषण गर्मी में लोगों को पीने के पानी की उपलब्धता के लिए नगर के प्रमुख चौराहों, स्कूल कॉलेजों के आसपास वाटर एटीएम लगाए हैं। नगर पालिका द्वारा तहसील, थाने के पास, रामबाग, रोडवेज बस स्टैंड, प्राइवेट बस स्टैंड के पास, पुलिस चौकी, एएस इंटर कॉलेज, परीक्षितगढ़ बस स्टैंड आदि पर वाटर एटीएम लगाए हैं। इन वाटर एटीएम में आरओ और शीतल पानी की व्यवस्था पालिका द्वारा की गई है।
तीन एटीएम कार्ड से संचालित होते हैं। जिसके लिए लोगों को पानी लेने के लिए एक रुपये प्रति लीटर के हिसाब से पालिका को देय करना पड़ता है। जबकि 18 वाटर एटीएम बिना किसी कार्ड के निशुल्क पानी उपलब्ध कराते हैं। कई बार बिजली कटौती के चलते कुछ वाटर एटीएम पर लोगों को ठंडा पानी नहीं मिल पाता है। कई वाटर एटीएम पर पालिका द्वारा साफ सफाई का ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिस कारण काई आदि जमी है। तेलियों वाले कुएं पर लगे वाटर एटीएम के संबंध में लोगों का कहना है कि इसमें पानी की निकासी ठीक से नहीं होने से गंदगी का आलम है।
पालिका चेयरमैन अखिल कौशिक का कहना है कि वाटर एटीएम की सफाई कराई जा रही है। शीघ्र ही सभी वाटर एटीएम की साफ सफाई का कार्य पूरा किया जाएगा।