गंगानगर। इन दिनों गंगानगर में बंदरों के आतंक से लोग परेशान हैं। बंदरों ने पार्क से लेकर घरों की छतों तक पर कब्जा कर लिया है। जब कोई उन्हें भगाने की कोशिश करता है तो बंदर हमला कर देते हैं। इसके चलते लोग परेशान हैं। रविवार सुबह ए-ब्लॉक में रहने वाले लोग महापौर हरिकांत अल्हूवालिया के आवास पर उनसे मिले और अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने महापौर से कहा कि हमें इन बंदरों के आतंक से बचाओ।
कॉलोनी निवासी मोहित मलिक, सुधीर चौधरी, रामेंद्र सिंह सहित अन्य ने बताया कि कॉलोनी के पार्क में टंकी है। यहां केवल तारीख लिखकर ही टंकी की सफाई का काम पूरा कर दिया जाता है। सफाई न होने के कारण कभी-कभी घरों तक गंदा पानी पहुंच जाता है। वहीं, पार्क में बड़े पेड़ों की छंटाई बहुत जरूरी है।
इन लोगों ने कहा कि बंदरों के हमले से डरकर कई लोग गिर भी चुके हैं। महापौर हरिकांत अल्हुवालिया ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से दूर कराया जाएगा। इस मौके पर सभासद के पति भरत शर्मा, डॉ. अभिषेक डबास, समाजसेवी सरोज मलिक, दिनेश अरोरा, कमल राय, सुक्रमपाल रावल, डॉ. सोहन त्यागी, आलोक भारद्वाज आदि मौजूद रहे।