संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बिजली विभाग में मीटर रीडर का काम करने वाले युवक ने एक ग्रामीण का मोबाइल नंबर पोर्ट करा कर अपने दोस्त की आइडी पर सिम निकलवा लिया। सिम की मदद से पीड़ित के खाते से 4400 रुपये निकाल लिए। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि साइबर थाना पुलिस ने जनपद शामली के थाना झिंझाना के गांव तलाही-2 चंदनपुरी निवासी दीपक को गिरफ्तार किया है। आरोपी चरथावल क्षेत्र में बिजली विभाग में मीटर रीडर का काम करता है। उसने चरथावल निवासी जहान सिंह का मोबाइल लेकर व उसकी जानकारी लेने के बाद उसका सिम पोर्ट करा लिया।
पोर्ट नंबर वाला सिम उसने अपने दोस्त झिंझाना निवासी मासूम की आइडी पर निकलवा और पीड़ित के खाते से कई बार में रुपये अपने चचेरे भाई रविंद्र के खाते में ट्रांसफर कर निकाल लिए। वह रविंद्र का खाता भी खुद देखता था। पीड़ित ने मोबाइल सिम बंद होने व खाते से रुपये निकलने की शिकायत साइबर थाने में की थी। कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ कर चालान कर दिया।