मेरठ। नगर निगम के निर्माण विभाग में एक्सईएन अमित शर्मा के कार्यालय में पैसे का लेनदेन होना सामने आया। एक्सईएन की अनुपस्थिति में ठेकेदार और पार्षद के बीच पैसे का लेनदेन हुआ है। ठेकेदार ने पार्षद को पैसे दिए और फिर अपनी फाइल पर उनके हस्ताक्षर भी कराए। एक्सईएन के कार्यालय में लगे सीसीटीवी में ठेकेदार और पार्षद आ रहे हैं। इसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस प्रकरण में नगरायुक्त ने जांच बैठा दी है।
एक्सईएन का कार्यालय खुला था। इस दौरान एक पार्षद और एक ठेकेदार एक्सईएन के कार्यालय में पहुंचे। फुटेज में देखा गया है कि पार्षद और ठेकेदार के बीच बातचीत होती है, तभी ठेकेदार पैसे निकालकर पार्षद को देता है। दोनों आपस में कुछ कहते हैं और फिर ठेकेदार चार-पांच हजार रुपये पार्षद को देता है। उसके बाद ठेकेदार अपने एक फाइल पर पार्षद के हस्ताक्षर करता है। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार का कहना है कि पार्षद और ठेकेदार के बीच पैसे का लेनदेन हुआ है। यह पैसा किस मकसद से दिया गया है। इसकी जांच कराई जा रही है। फुटेज में स्पष्ट हो गया है कि ठेकेदार नगर निगम में सड़क और नाली-नालों का निर्माण करता है।