उत्तर प्रदेश के शामली जिले में मनचले की हिम्मत एक युवती के हौसले के आगे टूट गई। उसने छेड़खानी की तो जवाब में युवती ने उसको कई थप्पड़ जड़ दिए। शोर मचाने पर अपने आप को घिरता देख आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गया।
पढ़ें : छेड़छाड़ से आगबबूला हुई छात्रा ने ऐसे उतारा आशिकी का भूत, देखें वीडियो
शामली नगर निवासी एक युवती बाजार से घर जा रही थी। जब वह पालिका मार्केट के सामने एक मेडिकल स्टोर के सामने पहुंची तो लाल रंग की बाइक से युवक आया और उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। युवती ने बाइक पर बैठे युवक को पकड़ लिया और कई थप्पड़ जड़ दिए। युवती के आक्रामक तेवर देखकर मनचले के होश उड़ गए। इस बीच आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसी दौरान मनचला मौके की नजाकत भांपते हुए अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। युवती ने भी उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। सूचना पुलिस को तथा युवती ने अपने परिजनों को दी। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया और कोतवाली ले गई। पूरी घटना मेडिकल स्टोर पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है। इसकी जांच की जा रही है। बाइक के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
मनचले ने अपने आप को बताया यूपी पुलिस का सिपाही
युवती ने छेड़खानी के बाद युवक से विरोध किया तो आरोपी युवक ने धौंस जमाते हुए खुद को यूपी पुलिस का सिपाही बताया। उसने आईडी कार्ड निकालकर युवती को दिखाने का प्रयास किया, जिस पर युवती ने उसको थप्पड़ जड़ दिया और आरोपी मौके से फरार हो गया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/