मुंडाली। मुंडाली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए देवर समेत चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
महिला ने तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब छह वर्ष पूर्व युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से उसका पति किसी अन्य महिला के साथ चला गया। पीड़िता ने बताया कि पति के जाने बाद से ही उसका देवर उस पर बदनीयती रखने लगा और परिवार के अन्य लोग उसके साथ अक्सर गाली गलौज, मारपीट व घर से निकालने की धमकी देने लगे। शनिवार रात करीब 12:30 बजे वह अपने कमरे में सोई हुई थी। तभी आरोपी देवर ने उसके साथ बदतमीजी की। वह किसी प्रकार अपनी जान बचाकर दूसरे घर पहुंची। उसने भी उसके साथ अभद्रता की। जिस पर उसने पीआरवी-112 पर घटना की सूचना दी। पुलिस ने किसी प्रकार से उसे इन लोगों के चंगुल से बचाया। सीओ किठौर विश्व ज्योति रॉय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर चार लोगों विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।