मोहसिन रजा ने जीजीआईसी में फर्नीचर न होने का संज्ञान लिया
मेरठ। हापुड़ रोड स्थित पुराने कमेले की जमीन पर पांच साल पहले बनाए गए राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की बदहाली का मामला शासन में पहुंच गया है। भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष कुंवर बासित अली ने मंगलवार को लखनऊ में अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा को पूरी जानकारी दी।
अमर उजाला में प्रकाशित समाचार के हवाला से अली ने बताया कि छात्राओं के फर्नीचर के लिए केंद्र सरकार से आया 27 लाख रुपये अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में दो साल से अटका पड़ा है। दूसरी तरफ कड़ाके की ठंड में एक हजार से अधिक छात्राओं को फर्श पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' की योजना चल रही है, वहीं बच्चियों की अनदेखी की जा रही है। बासित के अनुसार मंत्री ने शासन स्तर से फंड जल्द ही जारी कराने का आश्वासन दिया है। बासित के साथ मोर्चा के मौजूदा जिलाध्यक्ष दिलशाद चौहान भी मौजूद रहे।
जांच के कारण रुका 10 और कमरों का निर्माण
कॉलेज में छात्राओं की कुल संख्या 1635 है। 20 सेक्शन के लिए फिलहाल कॉलेज में साइंस लैब समेत 16 कमरे हैं। कॉलेज में 10 और कमरों का निर्माण हो रहा था, जिसे घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत के बाद रोक दिया गया। वक्फ विकास निगम के निदेशक शफाअत हुसैन ने कमरों के निर्माण में घोटाले की शिकायत की थी। इसके बाद से जिलाधिकारी द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है। दूसरी ओर अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मो. तारिक ने बताया फंड की कमी भी कार्य रुकने का कारण है।