मेरठ..कंवलजीत..रेलवे सीटी स्टेशन पर वन्दे भारत ट्रेन से आये मोहन भागवत.....संवाद
आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत दो दिवसीय संवाद कार्यक्रमों में शामिल होने बृहस्पतिवार की रात मेरठ पहुंच गए। लखनऊ से वंदे भारत ट्रेन से कड़ी सुरक्षा के बीच सरसंघचालक मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन पर उतरे। संघ के स्वयंसेवकों ने स्टेशन पर सरसंघचालक की अगवानी की। इसके बाद जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त मोहन भागवत का काफिला शताब्दीनगर स्थित माधवकुंज पहुंचा। माधवकुंज में ही उन्होंने रात्रि विश्राम किया। शुक्रवार को सरसंघचालक मेरठ व ब्रज प्रांत के खिलाड़ी के साथ संवाद गोष्ठी में भाग लेंगे और उनके प्रश्नों के उत्तर देंगे।
मेरठ में दो दिवसीय प्रवास में नेताओं को मोहन भागवत से दूर रखा जाएगा। नेताओं को उनके कार्यक्रम में आने की अनुमति नहीं होगी। कार्यक्रम स्थल पर वाटर प्रूफ जर्मन हैंगर लगाया गया है। दो दिवसीय कार्यक्रम को 30 विभिन्न व्यवस्थाओं में बांटा गया है। इन व्यवस्थाओं में स्वयंसेवकों को लगाया गया है।
जेड प्लस सुरक्षा के कारण रहेंगे कड़े प्रबंध
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है इसलिए मेरठ में उनके कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। बृहस्पतिवार की रात को मेरठ सिटी स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन से मोहन भागवत के उतरते समय भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। स्वयंसेवकों ने सरसंघचालक का स्वागत किया। इसके बाद कार से सरसंघचालक शताब्दीनगर स्थित माधवकुंज पहुंचे। वहां पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई। बिना प्रवेशिका के आरएसएस के पदाधिकारियों को भी माधवकुंज में नहीं जाने दिया जा रहा है।
आज खिलाड़ियों से संवाद करेंगे सरसंघचालक
मोहन भागवत 20 फरवरी को माधवकुंज के सामने स्थित मैदान में लगे हैंगर में खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों से संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके लिए लगभग 500 खिलाड़ी व प्रशिक्षकों को बुलाया गया है। भोजन के बाद लगभग एक बजे मोहन भागवत का संबोधन होगा। इसके बाद खिलाड़ियों से पर्ची पर प्रश्न लिखवाए जाएंगे और मोहन भागवत प्रश्नों के उत्तर देंगे। इस कार्यक्रम में 28 जिलों से पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, भुवनेश्वर कुमार, प्रो. युद्धवीर सिंह समेत पैरा खिलाड़ी भी शामिल होंगे। 21 फरवरी को विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे और फिर उत्तराखंड के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।