जानीखुर्द(मेरठ)। मोदीनगर-धौलड़ी रघुनाथपुर मार्ग का नाम अब शहीद अजय कुमार के नाम पर होगा। रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह संस्तुति की। गांव बसा टिकरी निवासी शहीद अजय कुमार पिछले साल फरवरी में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हो गए थे।
बसा टीकरी निवासी वीरपाल के पुत्र शहीद अजय कुमार 55 राष्ट्रीय राइफल्स के जवान थे। 18 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में अजय आतंकवादियों से लड़ते हुए शहीद हो गए थे। सरकार ने उनके नाम से मार्ग का नामकरण कराने का आश्वासन दिया था। इसी के तहत रविवार को मुख्यमंत्री ने अजय कुमार के गांव को जोड़ने वाले मोदीनगर-धौलड़ी रघुनाथपुर मार्ग का नामकरण उनके नाम से करने की संस्तुति प्रदान की। मार्ग की लंबाई करीब 15 किलोमीटर है। शहीद के परिजनों और क्षेत्र के लोगों ने सरकार के इस कदम की सराहना की। गांव कुसैड़ी निवासी योगेंद्र कुसैड़ी का कहना है कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले बलिदानियों के लिए जितना समाज और सरकार कर सकती है वह करना चाहिए। जवानों के कारण ही आज हम अपने घरों में सुरक्षित हैं। शहीद के पिता वीरपाल के अनुसार सरकार ने उनके शहीद बेटे के नाम पर मार्ग का नाम रखकर उसकी शहादत का सम्मान किया है। सरकार का यह कदम सराहनीय है। सरकार पहले ही शहीद को पत्नी को नौकरी और आर्थिक सहायता के वादे को पूरा कर चुकी है।