मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र की राधना वाली गली में 26 जुलाई को कपड़ा कारोबारी अबरार (45) की हत्या के मामले में आरोपी मोबीन को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दी जा रही है।
राधना वाली गली निवासी कपड़ा कारोबारी अबरार की 26 जुलाई की दोपहर दुकान से घर जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक आरोपी उजैर को लोगों ने पकड़कर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया था। पुत्र इमरान ने उजैर, फुरकान, मुकीम, मोबिन, इमरान के खिलाफ मुखबिरी और संपत्ति के विवाद की रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उजैर ने तमंचा बरामदगी के लिए ले जाते समय पुलिस पर भी फायरिंग कर दी थी।
जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया था। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था। सीओ कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस ने मोबीन को इस्लामाबाद चौकी क्षेत्र के हापुड़ रोड तिराहे के पास से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में भी मुकदमा दर्ज है।