माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शिक्षक दिवस पर रविवार को एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज मुरारीपुरम स्थित अपने पुराने स्कूल फ्लोरा डेल्स पहुंचे। वर्ष 1984 में इसी विद्यालय में तीसरी कक्षा के विद्यार्थी रहे धर्मेंद्र भारद्वाज ने अपने पुराने सहपाठियों के साथ उस समय की अध्यापिकाओं का शॉल एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया।
करीब चार दशक बाद एक ही स्थान पर एकत्र हुए विद्यार्थी और उनकी अध्यापिकाएं एक-दूसरे को देखकर भावुक हो गए। सभी ने अपने विद्यालय के दिनों की पुरानी यादें साझा कीं और बचपन के उन दिनों को फिर से याद किया। धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि आज हम जीवन में जिस भी मुकाम पर हैं, उसमें हमारे माता-पिता के साथ-साथ हमारे शिक्षकों का सबसे बड़ा योगदान है। 1984 में विद्यालय से जुड़े शिक्षक परिवार में उस समय की प्रधानाचार्य रीता तलवार, स्कूल चेयरमैन कुसुम गोयल तथा अध्यापिकाएं रीना त्यागी, किरण दुआ, रीना रस्तोगी, मंजूश्री और मोहिनी भटनागर का सम्मान किया गया। इस दौरान धर्मेंद्र भारद्वाज, रंजन शर्मा, जय वीर सिंह, नितिन शर्मा, राजीव त्यागी, विकास शर्मा, अमीष गुप्ता, आशीष कंसल, लोमश त्यागी, पंकज सिंघल, सुमित गुप्ता, हिमांशु तथा गौरव मलिक उपस्थित रहे।