मेरठ-सहारनपुर खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों पर मंगलवार को मतगणना हुई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार दोनों सीटों पर कब्जा जमा लिया है। शुरुआती राउंड से ही भाजपा उम्मीदवारों ने जो बढ़त बनाई, वह अंत तक कायम रही। जब भाजपा प्रत्याशी जीत के निर्धारित मतों के कोटे के करीब पहुंचे, तो सपा और पारंपरिक शिक्षक संगठनों के नेता मतगणना स्थल छोड़कर बाहर चले गए। जीत की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया।
मतगणना स्थल।
- फोटो : अमर उजाला
शिक्षक सीट पर भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने समाजवादी पार्टी (सपा) के डॉ. नितिन तोमर को 13,241 मतों के भारी अंतर से हराकर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। श्रीचंद शर्मा को कुल 18,099 वोट मिले, जबकि डॉ. नितिन तोमर को महज 4,858 वोटों पर संतोष करना पड़ा। वहीं, स्नातक सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल ने सपा के प्रमेंद्र सिंह भाटी एडवोकेट को 12,856 वोटों से पटखनी दी। दिनेश गोयल ने 24,929 वोट हासिल किए, जबकि प्रमेंद्र सिंह भाटी को 12,073 वोट मिले।
फोर्स रही तैनात।
- फोटो : अमर उजाला
दिग्गजों ने दी बधाई, कहा- यह सुशासन पर अटूट विश्वास
मतगणना स्थल पर पहुंचे भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज और कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने विजयी प्रत्याशियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व, सुशासन और क्षेत्र के प्रबुद्ध शिक्षकों व स्नातकों के अटूट विश्वास का प्रतीक है। एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि यह जीत रात-दिन मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं के परिश्रम की बदौलत मिली है।
इस बड़ी जीत पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, क्षेत्रीय महामंत्री संजीव गोयल सिक्का, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर, डॉ. चरण सिंह लिसाड़ी, पंडित सुनील भराला, डॉ. राहुल त्यागी, अजय भारद्वाज, राकेश माहेश्वरी और रेनू जोगी आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी।
14 टेबल पर सुबह 7 बजे से खुलीं मतपेटियां
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम के गांधी हॉल में निर्वाचन अधिकारी/मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की देखरेख में सुबह 7 बजे से 14 टेबल पर एजेंटों की उपस्थिति में मतपेटियां खुलनी शुरू हुई थीं। बता दें कि इस बार शिक्षक सीट पर नौ जिलों के 54,125 मतदाताओं में से 31,214 वोटरों ने मतदान किया था। वहीं, स्नातक सीट पर 1,28,595 मतदाताओं में से 45,438 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
शिक्षक सीट पर वोटों के आंकड़े
प्रत्याशी दल मिले वोट
श्रीचंद शर्मा भाजपा 18,099 (विजयी)
डॉ. नितिन तोमर सपा 4,858
सुशील चौधरी निर्दलीय 1,698
सुशील कुमार पुंडीर निर्दलीय 1,579
डॉ. कुलदीप मलिक निर्दलीय 1,320
हरकेश सिंह निर्दलीय 236
पंकज शर्मा निर्दलीय 243
स्वराज पाल दूहण निर्दलीय 168
बाकर हुसैन निर्दलीय 132
तनुज गंभीर निर्दलीय 72
कुल वैध मत 28,405
अवैध मत 2,809
कुल मत 31,214
स्नातक सीट पर वोटों के आंकड़े
प्रत्याशी दल मिले वोट
दिनेश गोयल भाजपा 24,929 (विजयी)
प्रमेंद्र सिंह भाटी सपा 12,073
राहुल कुशवाहा निर्दलीय 1,736
डॉ. अमित जैन निर्दलीय 977
दुष्यंत त्यागी निर्दलीय 607
विक्रांत वशिष्ठ निर्दलीय 454
विजय कुमार त्यागी निर्दलीय 401
सय्यद अकरम रजा निर्दलीय 285
कुल वैध मत 41,462
अवैध मत 3,976
कुल मत 45,438
शिक्षक एमएलसी : श्रीचंद शर्मा
श्रीचंद शर्मा का जन्म 15 जून 1966 को गौतमबुद्ध नगर के धूम मानिकपुर गांव में हुआ था। ज्योतिष शास्त्र से स्नातक उत्तीर्ण श्रीचंद शर्मा ने केशव माधव शिक्षण संस्थान की स्थापना की। 1988 में आरएसएस के स्वयंसेवक बने और 1996 में विहिप का जिला प्रमुख बनाया गया। 1998 में सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बने। 2000 में आरएसएस के जिला प्रचार प्रमुख का दायित्व संभाला। 2004 से 2007 तक भाजपा के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष बने। 2013 से 2016 तक भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए। साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक रहे। 2019 में भाजपा का शिक्षक सीट से एमएलसी प्रत्याशी बनाया। 2020 में शिक्षक एमएलसी का चुनाव जीता।
स्नातक एमएलसी : दिनेश गोयल
दिनेश गोयल का जन्म एक जुलाई 1953 को मेरठ जिले के कुराली गांव में हुआ था। विज्ञान वर्ग से स्नातक दिनेश गोयल व्यापार करते हैं। वे राजकुमार गोयल इंस्टीट्यूशंस ग्रुप के चेयरमैन समेत कई शिक्षण संस्थाओं के चेयरमैन हैं। अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज के संस्थापक सदस्य, राजकुमार गोयल जूनियर हाईस्कूल पुरामहादेव बागपत के प्रबंधक, श्रीकृष्ण गोशाला गाजियाबाद के अध्यक्ष समेत कई सामाजिक व शिक्षण संस्थाओं से प्रमुख रूप से जुड़े हुए हैं। 2020 में भाजपा ने मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक सीट से प्रत्याशी घोषित किया और उन्होंने बड़े अंतर से जीत हासिल की।
ये भी देखें...
यूपी: आज हटाई जा रहीं मस्जिदें, फिर होंगी आबाद, देवबंद में जमीयत अध्यक्ष मदनी ने सरकार के बारे में कही ये बात