एमएलसी चुनाव में नाम आज वापस लिए जाएंगे नाम
स्थानीय निकाय एमएलसी चुनाव के लिए आज नाम वापसी का दिन है। एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा और सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशियों सहित कुल 14 लोगों ने नामांकन किया था। मंगलवार को हुई नामांकन पत्रों की जांच में आठ लोगों के नामांकन निरस्त हो गए थे। अब मैदान में छह प्रत्याशी हैं। भाजपा से धर्मेंद्र भारद्वाज, सपा-रालोद गठबंधन से रालोद के सुनील रोहटा और निर्दलीय यामीन, राकेश, राहुल और सलेकचंद है। सहायक निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि आज नाम वापस लिए जाने का दिन है। जो प्रत्याशी चुनाव से हटना चाहता है वह नाम वापस ले सकता है।
एमएलसी चुनाव के लिए गठबंधन ने बनाई कोर कमेटी
एमएलसी चुनाव के लिए सपा-रालोद गठबंधन ने कोर कमेटी का गठन किया है। कमेटी में दोनो पार्टी के जिलाध्यक्षों के अलावा सभी विधायकों, पूर्व विधायकों और विधायक प्रत्याशियों के साथ ही वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। बुधवार को कोर कमेटी की बैठक एसजीएम गार्डन में हुई। कोर कमेटी सदस्यों ने चुनाव में जीत की रणनीति बनाने के साथ ही अपने-अपने प्रभाव वाली वोटों को गठबंधन प्रत्याशी के पाले में लाने के लिए पूरी ताकत लगाने पर जोर दिया।
20 पोलिंग पार्टियां कराएंगी 17 बूथों पर चुनाव
जिले में नौ अप्रैल को 17 बूथों पर बैलेट पेपर से होने वाले मेरठ-गाजियाबाद स्थानीय निकाय चुनाव के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाईं जा रही है। मेरठ में 17 बूथों पर ग्राम प्रधान, पार्षद, सांसद, विधायक आदि जनप्रतिनिधि मतदान करेंगे। 20 पोलिंग पार्टियों को बनाया गया है। तीन पोलिंग पार्टियां रिजर्व में रहेंगी। सीडीओ शशांक चौधरी ने बताया कि अगले सप्ताह से कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।