मोहनीपुर गांव में बिना अनुमति के सभा करने पर भाजपा विधायक संगीत सोम के खिलाफ दौराला थाने में आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया है। शिकायत दर्ज करने वाले चंद्रपाल सिंह सकौती चौकी इंचार्ज हैं। धारा 184 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बुधवार शाम को विधायक संगीत सोम मोहनीपुर गांव में बिना अनुमति के सभा करने पहुंचे थे। इसकी सूचना मिलने पर सकौती चौकी इंचार्ज चंद्रपाल सिंह ने दौराला थाने में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले भी संगीत सोम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। फरीदपुर गांव में भाजपा विधायक संगीत सोम के प्रचार वाहन द्वारा वीडियो दिखाकर प्रचार कर वोट मांगने के मामले में उनपर केस दर्ज हुआ था। इस मामले में प्रचार करने वाले दो लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने प्रचार वाहन सीज करते हुए सीडी की वीडियो देखकर भाजपा विधायक के खिलाफ सांप्रदायिक सद्भाव प्रभावित होने की आशंका के तहत उनका नाम लोक प्रतिनिधि अधिनियम की धारा के तहत शामिल किया था। शिकायत के अनुसार, अपने गांव फरीदपुर में प्रचार के दौरान किसी ने कवाल कांड की सीडी दिखाकर भावनाएं भड़काने की कोशिश करने का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर प्रचार वाहन से वीडियो सीडी की कॉपी ले ली थी। साथ ही कॉपी को उच्चाधिकारियों को भेजते हुए विधायक के कार्यकर्ता चंद्रशेखर निवासी कुशावली और चालक वीरेंद्र निवासी रजपुरा गंगानगर के खिलाफ धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। वहीं, वीडियो देखने के बाद उच्चाधिकारियों ने इस मामले में विधायक संगीत सोम को भी नामजद करने का आदेश दिया था, जिस पर पुलिस ने विधायक का नाम भी मुकदमे में जोड़ दिया था।