ओलावृष्टि के बाद तारापुर में फसलों का निरीक्षण करते एडीएम व एसडीएम स्रोत संवाद
हस्तिनापुर। रविवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व वीरेंद्र मौर्य और एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह ने खादर क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने लगातार हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों पर पड़े प्रभाव का जायजा लिया। अधिकारियों ने तारापुर, लतीफपुर और फतेहपुर प्रेम सहित आसपास के गांवों के खेतों का निरीक्षण किया।
किसानों ने अधिकारियों को बताया कि धान की अधिकांश फसल की कटाई हो चुकी है। गन्ने की फसल को भी फिलहाल कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा है। किसानों के अनुसार, बारिश और ओलावृष्टि के बावजूद फसलों की स्थिति अपेक्षाकृत ठीक है। सिंचाई विभाग द्वारा गंगा किनारे बनाए गए तटबंध से एक दर्जन से अधिक गांवों की फसलें बाढ़ से सुरक्षित रही हैं। एसडीएम संतोष कुमार ने पुष्टि की कि खादर क्षेत्र में ओलावृष्टि से किसानों को बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
माछरा में किसानों की बढ़ी चिंता
माछरा/मुंडाली। माछरा एवं रजपुरा ब्लॉक क्षेत्र में दोपहर करीब चार बजे हुई तेज मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की मुश्किलें बढ़ गईं। खेतों में कटी पड़ी धान की फसल बारिश के पानी में तैरती नजर आई। खेतों में खड़ी और कटी पड़ी धान की फसल पानी में डूबने से किसान चिंतित हैं। किसानों को डर है कि यदि खेतों में लंबे समय तक पानी भरा रहा तो फसल की गुणवत्ता खराब हो जाएगी। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसान राकेश त्यागी और मनोज कुमार ने भी अपनी मेहनत पर पानी फिरने की आशंका जताई।
ओलावृष्टि के बाद तारापुर में फसलों का निरीक्षण करते एडीएम व एसडीएम स्रोत संवाद