भुवनेश्वर से आई विशेषज्ञों की टीम ने झिटकरी में बीमार पशुओं की जांच कर दी जानकारी
खुरपका-मुंहपका से पीड़ित 25 से अधिक पशुओं की जांच की
मोदीपुरम। भुवनेश्वर स्थित खुरपका व मुंहपका के अंतरराष्ट्रीय केंद्र की संयुक्त टीम ने शनिवार को झिटकरी गांव में शिविर लगाकर पशुओं की जांच की। टीम ने 25 से अधिक रोगग्रस्त पशुओं की जांच की। प्रभावित पशुओं के मुंह के छाले, लार, गोबर, चारा आदि के नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए एकत्रित किए।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि के पशुचिकित्सा वैज्ञानिकों और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के भुवनेश्वर टीम यहां पहुंची। दल में शामिल डाॅ. अमित बालियान, डाॅ. अमित कुमार वर्मा, डाॅ. विकास जायसवाल, डाॅ. कल्ली प्रसाद पटनायक, आयुष ने पशु पालकों को खुरपका, मुंहपका बीमारी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुओं के मुंह के घावों को पोटेशियम परमेगनेट के हल्के घोल से धोना चाहिए, छालों पर भुने हुए सुहागे को मक्खन या सरसों के तेल के साथ मिलाकर लेप के रूप में लगाना चाहिए। पैरों के घावों को नीला थोथा के 20 ग्राम प्रति लीटर पानी के घोल से धोने की सलाह दी। डाॅ. अमित बालियान ने बताया कि मुजफ्फरनगर और बागपत जिलों के कई गांवों में एफएमडी संक्रमण की पुष्टि के बाद अब वायरस मेरठ जिले के पशुओं को भी प्रभावित कर रहा है। शिविर में डाॅ. हर्षवर्धन, राहुल आदि मौजूद रहे।