मेरठ। समाजवादी पार्टी बाबा साहेब वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाईलाल भारती को शनिवार को पुलिस ने कपसाड़ और ज्वालागढ़ नहीं जाने दिया। वह रेलवे रोड पर एक होटल में रुके हुए थे। पुलिस ने उन्हें वहीं पर रोक दिया। हालांकि बाद में उन्हें कंकरखेड़ा में समाजवादी शिक्षक सभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव दिवंगत कौशल भदौड़ा के आवास जाने दिया गया। वहां उन्होंने कौशल भदौड़ा के परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मिठाईलाल भारती ने कहा कि सरकार और प्रशासन ने तुगलकी फरमान जारी करके तानाशाही रवैये से पुलिस बल का प्रयोग कर उन्हें कपसाड़ और ज्वालागढ़ जाने से रोका है। वह गंगा नगर में पूर्व मंत्री मुकेश सिद्धार्थ के आवास पर भी पहुंचे। इस दौरान विधायक शाहिद मंजूर, प्रदेश सचिव विपिन चौधरी, जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी, निरंजन सिंह, रजत शर्मा, संगीता राहुल, नेहा गौड़, रविंदऱ पऱेमी और हिमांशु सिद्धार्थ आदि मौजूद रहे।