सावित्री के दोनों बेटों को बृहस्पतिवार एसएसपी ने अपने आवास पर बुलाकर शस्त्र लाइसेंस के साथ हथियार सौंपे। जिसमें मितन ने पिस्टल और रवि ने रिवाल्वर पसंद की। दोनों भाई अपने भाई चेतन, मां सावित्री व जीजा बबलू की हत्या में चश्मदीद गवाह है।
चेतन हत्याकांड में गवाह मितन, रवि की बृहस्पतिवार दोपहर एससी-एसटी कोर्ट में जिरह पूरी हो गई। उसके बाद दोनों भाई पुलिस फोर्स की सुरक्षा के बीच एसएसपी आवास पर पहुंच गए। दोनों भाइयों ने एसएसपी से शस्त्र लाइसेंस और हथियार मांगे। एसएसपी ने पीएल शर्मा रोड से दुकानों से कई पिस्टल और रिवाल्वर अपने आवास पर मंगाए।
मितन ने अपनी पसंद की पिस्टल और रवि ने रिवाल्वर ले ली। एसएसपी ने दोनों की कीमत दो लाख बतायी है। पैसे की बात आई तो दोनों भाइयों ने कहा कि इनका भुगतान पुलिस करे। इस पर एसएसपी ने कहा कि शस्त्र लाइसेंस बनवाकर दे दिए है, लेकिन हथियार तुम्हें ही खरीदने होंगे। इस पर मितन ने शुक्रवार को पैसे देने की बात कही है।
चेतन की हत्या में जिरह जारी
पुलिस ने बताया कि 16 जुलाई 2016 को हसनपुर रजापुर में चेतन उर्फ भूरा की हत्या हुई थी। जिसमें चेतन की हत्या में उसकी मां सावित्री, भाई मितन व रवि चश्मदीद गवाह थे। तीन फरवरी को सावित्री की हत्या हो चुकी है। पैरवी करने पर सावित्री के दामाद को भी हत्यारोपियों ने मार डाला। चेतन, सावित्री व बबलू की हत्या में मितन व रवि गवाह है। चेतन हत्याकांड के मामले में पिछले पांच दिन से लगातार जिरह चल रही है। रवि के बयान हो चुके है। अगली तारीख 28 मार्च नियत हुई है। जिसमें मितन से जिरह होगी।