मेरठ के किला परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के पसवाड़ा गांव में 40 दिन से लापता सोहित मलिक का कंकाल जंगल में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और आरोप लगाया कि नौकरी दिलाने के बहाने एक व्यक्ति उसे घर से बुलाकर ले गया था। पुलिस जांच में जुटी है।
मेरठ के थाना किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव पसवाड़ा में 40 दिन से लापता युवक का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सोहित मलिक पुत्र सुदेश पाल के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सोहित मलिक करीब 40 दिन पहले रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। शुक्रवार को ग्रामीणों ने जंगल में एक कंकाल देखा जिसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि एक व्यक्ति ने सोहित को नौकरी दिलाने के नाम पर घर से बुलाया था, उसके बाद से ही वह गायब था। परिवार का कहना है कि सोहित की हत्या की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल मामले की जांच पड़ताल जारी है।