चार दिन से लापता बच्चा लिसाड़ी रोड पर मिला
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के रशीद नगर से चार दिन पूर्व लापता हुआ तीन वर्षीय बच्चा रजा लिसाड़ी रोड पर मिला। बताया जा रहा है कि पुलिस के डर से अपहरणकर्ता उसे चाय की दुकान पर छोड़कर चले गए। बच्चे के मिलने पर परिजनों को बड़ी राहत मिली। रशीद नगर निवासी सलीम का बेटा रजा घर के पास खेलते समय दो जून की रात आठ बजे लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद वह नहीं मिला। परिजनों ने लिसाड़ी गेट थाने में अपहरण का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
इसी बीच, रविवार सुबह करीब 11 बजे अपहरणकर्ता लिसाड़ी रोड स्थित चाय विक्रेता सरताज की दुकान पर बच्चे को छोड़कर फरार हो गए। सरताज ने पड़ोसी फल विक्रेता शौकीन को साथ लेकर बच्चे की जानकारी स्थानीय पार्षद शाहिद अब्बासी को दी। पार्षद बच्चे को लेकर चौकी पहुंचा। फिर पुलिसकर्मियों ने बच्चे को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के मिलने की खुशी में परिजनों और क्षेत्र के लोगों ने सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया और पिल्लोखडी चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह सहित अन्य स्टाफ को सम्मानित किया।