मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने एमएड चतुर्थ सेमेस्टर के लघु शोध ग्रंथ और बीएबीएड व बीएलएड की छूटी हुई प्रयोगात्मक एवं मौखिक परीक्षाओं की तिथि घोषित कर दी है। ये परीक्षाएं 29 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से निर्धारित केंद्रों पर कराई जाएंगी। केवल उन्हीं विद्यार्थियों की परीक्षा होगी, जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन करने के बाद सभी औपचारिकताएं पूरी कर आवेदन विश्वविद्यालय में जमा करा दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, एमएड चतुर्थ सेमेस्टर सत्र 2023-25 और 2024-26 के विद्यार्थियों के लघु शोध ग्रंथ की छूटी परीक्षा कराई जाएगी। वहीं, बीएबीएड और बीएलएड में सत्र 2018-19 या उसके बाद प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया गया है। हालांकि, कालबाधित विद्यार्थियों को इसका लाभ नहीं मिलेगा।
दो केंद्रों पर होगी परीक्षा
एमएड की परीक्षा एनएएस कॉलेज (कॉलेज कोड-056) में होगी। वहीं, बीएबीएड और बीएलएड की प्रयोगात्मक एवं मौखिक परीक्षा भगवती कॉलेज ऑफ एजुकेशन सिवाया रुड़की रोड (कॉलेज कोड-722) में आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को निर्देश दिया है कि जिनका ऑनलाइन आवेदन विश्वविद्यालय में जमा नहीं हुआ है, उनकी परीक्षा नहीं कराई जाएगी।