घटना के बाद चौकी प्रभारी जयइंद्र जयंत पहुंचे। उन्होंने थानेदार और सीओ को घटना के बारे में नहीं बताया, बल्कि मामले में लीपापोती करनी शुरू कर दी। इसकी जानकारी लगने पर व्यापारी नेता अजय गुप्ता, नवीन गुप्ता और विजय आनंद अग्रवाल सहित अन्य व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। दोपहर एक बजे मामला एडीजी और आईजी तक पहुंचा। दोनों अधिकारियों ने घटना के बारे में पूछा। व्यापारियों की नाराजगी देखते हुए एसएसपी ने लापरवाही मानते हुए चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया।
चेतावनी देकर वारदात कर रहे बदमाश
परतापुर स्थित रिठानी पीर के पास दो फरवरी को सुरंग बनाकर बदमाशों ने दीपक लोधी की कंफेक्शनरी एवं सराफ की दुकान में चोरी की थी। बदमाशों ने लिखा था कि वह चुन्नू-मुन्नू हैं और ज्वेलरी ले जाने में कामयाब नहीं हो सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए लिखा था कि फिर से आएंगे। पुलिस ने घटना का आधा अधूरा खुलासा किया था। इसमें 25 हजार रुपये का इनामी सुरेंद्र अभी फरार है, जबकि उसका बेटा पुलिस ने जेल भेजा था। पूछताछ में सुरेंद्र के बेटे ने सुरंग खोदने की बात से मना कर दिया था। परतापुर से पहले बदमाशों ने सुरंग और कुंबल करके सराफ की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश चेतावनी देकर वारदात कर रहे है। इसके बावजूद भी पुलिस की नींद नहीं टूट रही।
यह भी पढ़ें: गजब हाल: पूर्व मंत्री याकूब की सील फैक्टरी पर बैंक ने दिया नौ करोड़ का लोन, हर कोई हैरान, जानें पूरा मामला
व्यापारी बोले-10 महीने में मेरी दुकान में दो बार सुरंग बना चुके बदमाश
गढ़ रोड स्थित प्रिया ज्वेलर्स में दस महीने में यह दूसरी वारदात है। व्यापारी हेमेंद्र राणा ने बताया कि 22 अगस्त 2022 को उनकी दुकान में बदमाशों ने सुरंग बनाकर चोरी की वारदात की थी। बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। इसके बावजूद पुलिस आरोपी गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। सुरक्षा के मद्देनजर से दुकान के सामने नाले में सरिये लगाकर दीवार कराई थी ताकि बदमाश सुरंग करके अंदर न घुस पाएं। अबकी बार बदमाशों ने 25 मीटर की सुरंग खोदकर फिर से दुकान में चोरी का प्रयास किया। उनकी दुकान को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है।
हेमेंद्र राणा का कहना है कि पहले की वारदात में बदमाश करीब दो लाख रुपये के जेवरात चोरी करके ले गए थे। इस बार भी वारदात के इरादे से 25 मीटर की सुरंग खोद दी। हेमेंद्र ने कहा कि अब दुकान सुरक्षित नहीं है। ऐसे में दुकान ही बंद करनी पड़ेगी। दूसरी बार वारदात से गुस्साए व्यापारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर रोष जताया।
यह भी पढ़ें: Ram Rahim: जेल जाने से पहले साफ-सफाई करते राम रहीम कैमरे में कैद,बेटियों संग चर्चा,पीएम मोदी को लेकर कही ये बात
बाथरूम में हाथ न धोते तो हो जाती वारदात
दुकान के पीछे रामकुमार का परिवार रहता है। सुरंग खोदकर बदमाश बंद पड़ी आयुर्वेदिक की दुकान में बाथरूम में हाथ धो रहे थे। इसकी आवाज रामकुमार की पत्नी अनीता ने सुन ली। उसे शक हुआ कि रात में एक बजे दुकान में कौन आया है। महिला ने शोर मचाया तो बदमाश सिलिंडर और गैस कटर छोड़कर भाग गए। कुछ लोगों ने कहा कि अगर बदमाश हाथ नहीं धोते तो सराफ की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे सकते थे।
25 मीटर सुरंग खोदी, भनक तक न लगने दी
बदमाशों ने 25 मीटर सुरंग खोद दी और किसी को भनक तक नहीं लगने दी। अंदेशा है कि सुरंग खोदने में दो-तीन या फिर ज्यादा दिन लगे होंगे। रात में ही बदमाश सुरंग खोदते होंगे। पुलिस ने बताया कि सराफ की दुकान के एक तरफ आयुर्वेदिक और दूसरी तरफ किराना की दुकान है। सुरक्षा के मद्देनजर सराफ की दुकान पर तीन सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।
ट्रायल कर रहे बदमाश, बड़ी वारदात के संकेत
सुरंग खोदने और चोरी न होने की जानकारी लगने पर एडीजी राजीव सभरवाल और आईजी प्रवीण कुमार ने पुलिस को फटकार लगाई है। बोले कि बदमाश सुरंग खोदकर ट्रायल कर रहे हैं। अब बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस नाले के किनारे सराफ की दुकान और बैंक की शाखा की जानकारी जुटाने में जुट गई है।