- बदमाशों ने गार्डों को उठने तक का मौका नहीं दिया
दो गार्डों के पास थी बंदूक, तब भी नहीं हुआ बदमाशों को खौफ
रैकी के बाद दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। मेरठ-गढ़ मार्ग पर गांव भटीपुरा के सामने स्थित नव निर्मित कॉलोनी रामचंद्र एंक्लेव पर शुक्रवार की रात को आठ-दस बदमाशों ने असलाह के बल पर तीन गार्डों को बंधक बनाकर कॉलोनी में लगे दो ट्रांसफार्मर का सामान लूट लिया। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह कमरे से निकलकर गार्डों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। इस मामले में सिक्योरिटी एजेंसी के मालिक ने किठौर थाने पर अज्ञात में लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। बदमाशों को चिह्नित करने के लिए पुलिस मोबाइल लोकेशन , घटना में प्रयुक्त गाड़ी पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
थाना जानी के कलंजरी गांव निवासी सिक्योरिटी एजेंसी के मालिक प्रवीण ने बताया कि उसकी एजेंसी के सुरक्षा कर्मी हसनपुर कला निवासी सतीश खटाना और किला परीक्षितगढ़ के अमीनाबाद निवासी मुनशाद तथा भावनपुर के गावडी निवासी गनमौन सनपाल सिंह भटीपुरा स्थित नव निर्मित रामचंद्र एंक्लेव पर गार्ड की नौकरी करते हैं। शुक्रवार रात करीब 12 बजे आठ-दस असलाह धारी बदमाश गार्ड रूम के पीछे से आए और आते ही उन्होंने तीनों गार्डों को असलाह दिखाते हुए एक कमरे में बंद कर दिया तथा कॉलोनी में रखे 250 केवी के दो ट्रांसफार्मर का सामान लूटकर ले गए।
प्रवीण ने बताया कि बदमाश करीब चार घंटे तक कॉलोनी में रहे। जिसके बाद वह ट्रांसफार्मर का सामान लेकर फरार हो गए। उसने बताया कि बदमाश किस वाहन से आए, ट्रांसफार्मर का सामान किस वाहन से लूटकर ले गए। इसका गार्डों को कमरे में बंद होने के कारण पता नहीं चल सकता। उन्होंने बताया कि शायद बदमाशों ने पहले से रैकी कर रखी थी,जिसके चलते वह गार्ड के कमरे से पीछे से आए और गार्ड को हिलने तक का मौका नहीं दिया। इस मामले में सीओ प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। जल्द खुलासा किया जाएगा।
-