आबूलेन में फिर बदमाशों का धावा, शोरूम में कुंबल कर घुसे बदमाश
मेरठ। शहर की प्रतिष्ठित मार्केट आबूलेन बदमाशों के निशाने पर है। लगातार तीन दिन से चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इस बार बदमाश आबूलेन पर जूते के शोरूम में बदमाश कुंबल कर घुस गए और चोरी कर ली। पुलिस बदमाशों का पता लगाने की बजाय मामले में लीपापोती कर रही है और इसे चोरी नहीं मान रही है। दूसरी तरफ, व्यापारियों ने हंगामा करते हुए नाराजगी जताई है और क्षेत्र में रात को गश्त बढ़ाने की मांग की है।
टीपीनगर थाना क्षेत्र के गुरुनानक नगर निवासी मनीष चावला का आबूलेन पर पिंकी फैशन एम्पोरियम के नाम से जूते का शोरूम है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह जब वह शोरूम पर पहुंचे तो पीछे की दीवार में कुंबल देख चौंक गए। पीछे की ओर पहले हुक्का बार और एक रेस्टोरेंट थे, जो काफी समय से बंद हैं। वहीं से चोरी की गई। आबूलेन और सदर बाजार के व्यापार संघ के व्यापारी मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने हंगामा किया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। इससे पहले मामला तूल पकड़ता कि इंस्पेक्टर सदर बाजार देव सिंह रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने बताया कि रेस्टोरेंट और जूते की दुकान के बीच में पहले से एक गत्ता लगा हुआ था। वह हट गया, जिसके बाद टूटी दीवार दिखने लगी। चोरी नहीं हुई है।
हो चुकी कई वारदात
आबूलेन में कई वारदात हो चुकी हैं। शुक्रवार को बाटा शोरूम में हुई चोरी हुई थी। बृहस्पतिवार को वर्धमान प्लाजा में सरदार जी गारमेंट्स और मार्केट से इंवर्टर बैटरी चोरी कर लिए गए थे। पुलिस इन घटनाओं का खुलासा नहीं कर सकी है।
---
वारदात हुई तो थानेदार से होगा जवाब तलब
आबूलेन पर पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। चोरी की वारदात दोबारा हुई तो थाना पुलिस से जवाब तलब होगा। चोरी और लूट के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मुकदमा दर्ज कर बदमाशों को ढूंढा जा रहा है।
- प्रभाकर चौधरी, एसएसपी