मेरठ। दिल्ली रोड स्थित शॉप्रिक्स मॉल में बुधवार देर रात एसपी सिटी के सामने युवकों ने पांच-छह परिवारों के साथ बदसलूकी कर दी। इसको लेकर मॉल में हंगामा खड़ा हो गया। एसपी सिटी ने ब्रह्मपुरी पुलिस को बुलाकर पांच युवकों को थाने भिजवा दिया।
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह शॉप्रिक्स मॉल में फिल्म देख रहे थे। वहीं पर एक क्लब ने एक इवेंट में 90 बच्चों की बुकिंग की थी। जिसके चलते मॉल में मूवी देखने वालों की भीड़ थी। बताया गया कि इसी दौरान मॉल में मूवी देखने वाले पांच-छह युवक खड़े होकर हंगामा करने लगे। पांच-छह परिवार के लोगों से युवकों ने बदसलूकी कर दी। मूवी देख रहे एसपी सिटी से युवकों को रोकने का प्रयास किया। इसके बावजूद भी वह हंगामा करते रहे। फिर एसपी सिटी ने ब्रह्मपुरी पुलिस को शाप्रिक्स मॉल में बुलाया। पांच युवकों को थाने में भेजा गया है। एसपी सिटी का कहना है कि युवक खरखौदा क्षेत्र के बताए गए हैं। किसी ने तहरीर नहीं दी। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई करेगी।