मेरठ जिले में महज 1960 रुपये के लेनदेन के विवाद में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय महिला एथलीट से अभद्रता तो उनके पति से मारपीट की गई। एथलीट ने इसकी शिकायत एसएसपी से की। सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से तोपखाना लालकुर्ती निवासी पूनम तोमर अंतरराष्ट्रीय एथलीट है, जो देश को कई मेडल दिला चुकी हैं। वर्तमान में रेलवे में अधिकारी हैं और जंगपुरा दिल्ली में पति नरेश पाल (एथलेटिक कोच) के साथ रह रही हैं। बुधवार दोपहर दंपती मेरठ आया था और मवाना रोड स्थित कसेरू बक्सर में सामान खरीदने पहुंचा था। आरोप है कि इस दौरान एक युवक ने बाइक से उनकी होंडा सिटी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। उसने बार- बार शीशे पर हाथ मारकर कार को रुकवाने का प्रयास किया।
कमिश्नर आवास चौराहे पर चेकिंग कर रही ट्रैफिक पुलिस की मदद से इस युवक ने होंडा सिटी कार रुकवा ली। आरोप है कि युवक ने एथलीट से अभद्रता करनी शुरू कर दी। उनके पति ने बीच-बचाव किया तो उनके साथ मारपीट की गई।