उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के एक गांव में तमंचे के बल पर युवक ने 45 वर्षीय व्यक्ति के साथ कुकर्म किया। पीड़ित ने परिजनों के साथ थाने में तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने पीड़ितों को थाने से धक्के देकर भगा दिया। पीड़ित ने एसपी दफ्तर पहुंचकर शिकायत की। एसपी के न मिलने पर पीड़ित मायूस होकर लौट गया।
छपरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति ने बताया कि वह 16 सितंबर को गांव के एक व्यक्ति के खेत में मजदूरी करने गया। दोपहर डेढ़ बजे वह खेत से घर लौट रहा था। रास्ते में नलकूप पर अमरूद खाने लगा। इसी दौरान गांव का ही एक युवक नलकूप पर आया और तमंचे के बल पर उसे ईख खेत में ले लिया। वहां युवक ने उसके साथ कुकर्म किया। विरोध करने पर पिटाई भी की। आरोपी मारने की धमकी देकर चला गया। पीड़ित ने आरोपी के घर पहुंचकर शिकायत की तो उसे धमकी देकर घर से भगा दिया। पीड़ित डर के कारण चार दिन तक घर से नहीं निकला।