सरूपुर। कस्बा हर्रा में ई-रिक्शा चलाता नाबालिग बच्चा। संवाद
सरूरपुर। कस्बा हर्रा समेत मेरठ-बिनौली रोड पर नाबालिग बच्चों द्वारा ई-रिक्शा चलाने का प्रचलन लगातार बढ़ता जा रहा है। सड़कों पर नाबालिग चालकों के हाथ में वाहन की कमान होने से न केवल उनकी जान खतरे में पड़ रही है, बल्कि राहगीरों और यात्रियों की सुरक्षा भी जोखिम में है।
स्थानीय निवासी सनव्वर, कामिल, राशिद, मनोज, कपिल, अजय, मोहित, मोहम्मद अली का कहना है कि कई बार किशोर चालक अनुभवहीन होने के कारण वाहन को गलत दिशा में मोड़ देते हैं। तेजी से चलाते हुए संतुलन खो बैठते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं कुछ माता-पिता भी बच्चों के हाथ में वाहन देकर अनजाने में उनकी जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं। स्कूल जाने वाले उम्रदराज बच्चों को ई-रिक्शा चलाते देखा जा सकता है। इनके पास ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं होता। इस लापरवाही से जहां कानून का उल्लंघन हो रहा है वहीं ट्रैफिक व्यवस्था भी ध्वस्त हो रही है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने पर सख्त रोक लगाई जाए और अभिभावकों को जागरूक किया जाए। ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को जब्त करने और चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी आवश्यकता जताई गई।
सीओ सरधना आशुतोष का कहना है कि नाबालिग बच्चों को ई-रिक्शा चलाने से रोकने के लिए अभियान चलाया जाएगा।