मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र के वेदव्यासपुरी में होटल संचालक सुमित पर एक नाबालिग ने तमंचे से फायरिंग कर दी। कुछ दिन पहले होटल की दीवार को गंदा करने लेकर होटल संचालक की आरोपी से कहासुनी हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टीपीनगर निवासी सुमित का वेदव्यासपुरी में आरआर नाम से होटल है। कुछ दिन पूर्व एक नाबालिग ने होटल की दीवार को गंदा कर दिया था। होटल संचालक ने सीसीटीवी में देखा तो उसके पास पहुंचा और उसे दीवार गंदा करने से मना किया। इसी बात को लेकर होटल संचालक और नाबालिग में कहासुनी हो गईं थी। मामले को देखकर पहुंचे लोगों ने युवक को समझाकर वहां से भेज दिया था। शुक्रवार को नाबालिग तमंचा लेकर होटल पर पंहुचा।
नाबालिग ने आसपास देखा और फिर तमंचे में कारतूस भरकर होटल के गेट पर पहुंचा और होटल संचालक सुमित के ऊपर फायरिंग कर दी। होटल मालिक ने टेबल के नीचे छुपकर अपनी जान बचाई। फायरिंग की आवाज सुनकर होटल में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। फायरिंग कर युवक मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की तलाश कर उसे हिरासत में ले लिया। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि होटल संचालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।