जानी में पाल कश्यप के घर ग्रामीणों से बात करते हुए राज्य मंत्री नरेन्द्र कश्यप फज्ञेटो संवाद
जानीखुर्द। भाजपा प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष व पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने रविवार को जानी पहुंचकर पीड़ित परिवार के मुखिया पाल कश्यप से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जानी में कश्यप समाज के एक परिवार के साथ दूसरे समुदाय के कुछ युवकों ने 15 दिन पूर्व मारपीट कर दी थी। इस घटना में परिवार के दो युवक मनोज कश्यप और गौरव कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने इस घटना में तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की थी। पाल कश्यप के घर पहुंचे राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा। समाज के हर पीड़ित को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुलाकात के दौरान नरेंद्र कश्यप ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद भी की। सरकार से भी मदद दिलवाने का आश्वासन दिया। पाल कश्यप ने बताया कि दूसरे समुदाय के युवकों ने उसके घर में घुस कर परिवार के सदस्यों को बुरी तरह से धारदार हथियारों से घायल किया है। पुलिस ने घटना में उनकी कोई मदद नहीं की। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदरपाल सिंह, अभय सिंह (भाजपा प्रभारी क्षेत्रीय कार्यालय), हरीश चौधरी (जिला महामंत्री), आयुष चपराणा, राकेश कश्यप, मनोज मल्लापुर, सुशील आड़वाणी, ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, मनोज फौजी, आयुष चपराणा आदि मौजूद रहे।