मेरठ। शहर के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक आलीशान मकान में चल रहे मिनी कमेले का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से लगभग बीस क्विंटल मीट, चार पशु और पशु काटने के औजार बरामद किए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मकान मालिक और कमले का संचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने प्राथमिक दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऊंचा सद्दीकनगर निवासी सोनू और छोटे के आलीशान मकान में अवैध रूप से पशुओं का कटान किया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर, इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस को मकान के पिछले हिस्से में एक बड़े हॉल में मिनी कमेला चलता हुआ मिला। वहां पशुओं का कटान किया जा रहा था। छापा पड़ते ही आरोपी, मकान मालिक व संचालक अपने साथियों के साथ छत के रास्ते फरार हो गए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मकान को देखकर यह अनुमान नहीं लगाया जा सकता कि यहां पशुओं का कटान किया जा रहा होगा। मकान में इटेलियन पत्थर लगे हैं। शानदार ड्राइंग रूम है। ऊपरी मंजिल पर मकान मालिक का परिवार रहता था। ड्राइंग रूम के बाद बड़े हॉल में मिनी कमेला संचालित हो रहा था।
विज्ञापन
कटान के बाद मीट को ठेलों पर सप्लाई किया जाता था।
इनके खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी पुलिस ने मिनी कमेला संचालन के आरोप में मकान मालिक दिलशाद, नौशाद, नदीम, फिरोज और कत्लखाने के संचालक छोटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।