दूधिया के पेट में घुसा बुग्गी में लगा पाइप, मौत
दौराला। थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव निवासी दूधिया बबलू (40) की शनिवार देर रात भैंसा बुग्गी में लगा पाइप पेट में घुसने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीण उसे सीएचसी दौराला ले गए, जहां चिकित्सकों ने पाइप निकालने से मना कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अख्तियारपुर गांव निवासी बबलू 40 वर्ष पुत्र जीत सिंह दूध बेचता था। शनिवार को वह अपनी बाइक पर सवार होकर बंशीपुरा गांव में दूध देने जा रहा था। इस दौरान सामने से एक भैंसा बुग्गी आ रही थी। भैंसा बुग्गी की साइड में पाइप लगा हुआ था। वह टूटा हुआ था। ओवरटेक करते समय बबलू संतुलन खो बैठा। बुग्गी में लगा पाइप उसके पेट में घुस गया। पेट में घुसने के बाद पाइप बुग्गी से टूट गया। इस कारण बबलू की मौत हो गई। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मृतक को लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने पेट से पाइप निकालने से मना कर दिया। इस पर ग्रामीणों ने रोष जताया। बाद में पुलिस ने बबलू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चिकित्सकों के रवैये को लेकर ग्रामीण थाने पहुंचे और हंगामे का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें शांत कर लौटा दिया।