संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दिल्ली-हरिद्वार रेलवे ट्रैक पर बुधवार शाम दौराला के पास एक अधेड़ व्यक्ति अंबाला एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोको पायलट ने ट्रेन रोककर घायल की जान बचाने का प्रयास किया। ट्रेन स्टाफ और यात्रियों की मदद से घायल को ट्रेन में लिटाया गया और सकौती रेलवे स्टेशन पर सूचना देकर एंबुलेंस बुलाने का अनुरोध किया गया। हालांकि, सकौती स्टेशन पहुंचने तक घायल ने दम तोड़ दिया।
सकौती रेलवे स्टेशन मास्टर के अनुसार, बुधवार शाम अंबाला एक्सप्रेस (14521) दौराला के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी। घायल की हालत गंभीर देख ट्रेन के स्टाफ और यात्रियों ने उसे ट्रेन में लिटाकर उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया। सकौती स्टेशन पर सूचना देकर एंबुलेंस बुलाने को कहा गया। ट्रेन के सकौती स्टेशन पहुंचने पर रेलवे पुलिस और दौराला पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सकौती स्टेशन पर पहुंचने पर घाल की मौत हो गई।
मौके पर पहुंची जीआरपी और चौकी पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। वहां मौजूद लोगों ने उसकी पहचान सलावा निवासी 60 वर्षीय नंदू के रूप में की। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि जीआरपी क्षेत्र का मामला था। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की है।-