मोदीपुरम। पहाड़ों पर बन रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते फिर से बारिश के आसार बन रहे हैं। बृहस्पतिवार को मौसम में बदलाव देखा गया। बारिश की संभावना के बीच हवा की गति तेज रही। लेकिन बूंदाबांदी के बाद दिन-रात का तापमान फिर से चढ़ गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी तीन दिन बारिश के आसार बने हैं।
मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। बृहस्पतिवार दिन में हवा की रफ्तार 10 किमी प्रति घंटा रही। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वेस्ट यूपी में कहीं ज्यादा तो कहीं कम बारिश हो रही है। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 86 व न्यूनतम 46 प्रतिशत दर्ज की गई। आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री कम था। जबकि रात का तापमान सामान्य से 4 डिग्री ऊपर रहा। शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। मौसम बिगड़ सकता है। बूंदाबांदी हो सकती है। आगामी तीन दिन तक 5 से 9 मिमी बारिश हो सकती है। 15 मार्च से मौसम के पूरी तरह से साफ होने के आसार हैं। इसके बाद दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।