मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति परिवार के लिए काल बन गया। पहले तो बेटे पर चाकू से प्रहार किया, फिर पोते के पेट में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पोते को मारने के बाद चाकू से गला रेतकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम को भिजवाए और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
वारदात कस्बा गंगोह के मोहल्ला इलाहीबख्श में बृहस्पतिवार शाम हुई। यहां रहने वाले 70 वर्षीय अय्यूब पुत्र फखरुद्दीन की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। वह अक्सर परिजनों एवं मोहल्ले वालों से बिना किसी बात झगड़ा कर लेता था। बृहस्पतिवार शाम उसका 28 वर्षीय पुत्र साबिर अपने 3 वर्षीय बेटे शाहिद के साथ खेल रहा था।
इसी दौरान अय्यूब गाली-गलौज करने लगा। बेटे साबिर ने विरोध किया, तो अय्यूब ने चाकू से उस पर हमला बोल दिया। चाकू के वार से साबिर गंभीर रूप से घायल हो गया और अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर भागा, लेकिन गोद में लिए बच्चे को कमरे में ही छोड़ दिया।
इसके बाद अय्यूब ने तीन वर्षीय पोते के पेट में ही चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी वहीं मौत हो गई, फिर अय्यूब ने अपना भी गला रेत लिया। उसकी भी मौत हो गई। सूचना पर सीओ गंगोह अजय कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल साबिर को अस्पताल भिजवाया।
परिजनों और आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली। इंस्पेक्टर भगवत सिंह ने बताया कि परिजनों के मुताबिक अय्यूब की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। मामले की जांच की जा रही है।