रेलवे कॉलोनी में ढ़के गए मेनहोल
मेरठ। किशनपुरा फाटक के पास बनी रेलवे कॉलोनी में खुले मेनहोल को ढक दिया गया है। अमर उजाला के बुधवार के अंक में प्रकाशित खबर के बाद रेलवे ने समस्या पर संज्ञान लेते हुए एक दिन में दो मेनहोल के ढक्कन लगाए।
किशनपुरा क्षेत्र में बनी रेलवे कॉलोनी निवासियों को खुले मेनहोल से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। रात के समय कोहरा होने के कारण लोगों को वहां से गुजरने पर दुर्घटना होने का डर सता रहा था। कई बार रेलवे अधिकारियों से संपर्क करने के बाद समस्या से निजात नहीं मिल पा रही थी। बुधवार के अंक में ‘खुले मेनहोल बंद नहीं करा रहा रेलवे, लोग परेशान’ शीर्षक से अमर उजाला में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर तरुण पांडे ने बुधवार को दो कर्मचारियों को मौके पर भेजकर मेनहोल पर ढक्कन लगवा दिए। इंजीनियर का कहना था कि पहले भी यहां ढक्कनों को लगवाया गया था लेकिन असामाजिक तत्वों ने ढक्कनों को चोरी कर लिया। जिससे रेलवे ने दोबारा से इनका प्रस्ताव बनाया था।