संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में बांग्लादेश में कथित रूप से हो रही हिंसा, उत्पीड़न और असुरक्षा के मुद्दे पर भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग की गई है।
संगठन के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि बीते कुछ समय से बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि मंदिरों और घरों को नुकसान पहुंचाने, आगजनी और जानमाल के खतरे की घटनाएं हो रही हैं। इससे वहां रहने वाले हिंदुओं में भय का माहौल है। बांग्लादेश में बिगड़ती स्थिति से क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है।
संगठन ने भारत सरकार से आग्रह किया है कि वह बांग्लादेश सरकार और भारतीय दूतावास के माध्यम से हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए ठोस कदम उठाए। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से देशव्यापी आंदोलन करने पर विचार करेगा। इस दौरान जिला और मंडल स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने राष्ट्रपति से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की। ज्ञापन देने वालों में अंकित शर्मा, नितिन शुक्ला, अमित, हितेश पंडित, संदीप तालियान, ललित गुप्ता, राजीव, सचिन, कुलदीप, गौरव, विनीत आदि शामिल रहे।