मेरठ। तीन लाख रुपये रिश्वत लेते सीबीआई के हाथों गिरफ्तार डॉ. सतीश शर्मा की कैंट बोर्ड की सदस्यता समाप्त होगी। कैंट बोर्ड के अध्यक्ष एवं स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर संजीव कुमार सिंह के मुताबिक सीबीआई की लिखित रिपोर्ट प्राप्त होते ही बोर्ड की बैठक बुलाकर कैंट एक्ट की धारा 34 के तहत डॉ. शर्मा की सदस्यता समाप्त करने की संस्तुति मध्य कमान को भेज दी जाएगी।
कैंट बोर्ड की बैठक में पहुंचे भाजपा के राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी, सांसद अरुण गोविल तथा कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने इस मामले में जांच जारी रहने का हवाला देते हुए किसी तरह की टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। डॉ. वाजपेयी ने कहा कि जांच एजेंसी और कानून अपना काम कर रहे हैं। इस प्रकरण की निष्पक्ष और निर्भीक जांच होनी चाहिए।
सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ चर्चाओं में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से भी निलंबन की बात कही जा रही है। भाजपा के कुछ नेताओं का कहना है कि डॉ. शर्मा वर्तमान में किसी पद पर नहीं हैं।
रक्षा मंत्रालय की ओर से फरवरी 2022 में उनको कैंट बोर्ड के मनोनीत सदस्य के तौर पर नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल समय-समय पर बढ़ाया जाता रहा। वे पिछले चार वर्षों से इस पद पर बने हुए थे। भाजपा पदाधिकारी और पूर्व पार्षदों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उनके पहले मनोनयन के बाद किसी अन्य नाम के लिए महानगर भाजपा की ओर से कोई औपचारिक प्रस्ताव नहीं भेजा गया। इसके चलते उनका कार्यकाल लगातार बढ़ता रहा।