मेरठ के खेल उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए ग्रेटर नोएडा में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम,
भारतीय उद्योग संघ (आईआईए) और इंडो-जापान चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईजेसीसी) के बीच हुए सफल एमओयू के बाद बुधवार को ग्रेटर नोएडा में दोनों संस्थानों के उच्चाधिकारियों की बैठक में औद्योगिक क्षमताओं के संवर्धन पर जोर दिया गया। इस बैठक का नेतृत्व आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल और आईजेसीसी के अध्यक्ष राहुल मिश्रा ने किया।
आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने दोनों संघों के प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल का परिचय कराते हुए उनकी औद्योगिक क्षमताओं और क्षमता संवर्धन की दिशा में की गई पहलों पर भी उन्होंने प्रकाश डाला। उन्होंने वैश्विक सहभागिता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि आईआईए के सदस्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मेरठ निवासी स्पोर्ट्स उपकरण निर्यात प्रोत्साहन काउंसिल के अध्यक्ष सुमनेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन, नेतृत्व और मेरठ के खेल उद्योग को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने की प्रतिबद्धता को साझा किया। एमओयू का उद्देश्य जापानी तकनीक और वहां के सफल प्रशिक्षण सिद्धांतों को भारतीय एमएसएमई क्षेत्र, विशेषकर मेरठ के खेल उत्पादों ( स्पोर्ट्स गुड्स और मशीनरी ) में लागू करना है। बैठक में आईटी और ऑटोमेशन, रेलवे ट्रांसफॉर्मेशन और क्लस्टर-आधारित पर्यटन विकास जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
इस दौरान उत्तराखंड के स्टेट अध्यक्ष तरुण गोयल, एक्सपोर्ट सब्जेक्ट समिति के अध्यक्ष अमन अग्रवाल, देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष अर्चित डावर, आईवाईसी सचिव शिवम बाजपेई, देहरादून रक्षा उपकरण निर्माता राहुल जैन आदि उपस्थित रहे।