सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में जम्मू कश्मीर को 109 रनों से हराया
समीर ने बनाए 30 रन, सुनील ने 11 रन देकर लिए दो विकेट
कोलकाता में चल रहा टूर्नामेंट, भुवनेश्वन ने एक विकेट लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कोलकाता में चल रहे आयोजित टी-20 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की टीम ने लगातार दूसरी जीत प्राप्त की। यूपी ने शुक्रवार को खेले गए मैच में जम्मू कश्मीर की टीम को 109 रन के बड़े अंतर से हराया। टीम की ओर से मेरठ के भुवनेश्वर कुमार और सुनील कुमार ने विकेट प्राप्त किए। वहीं, समीर ने बल्ले से रंग जमाया।
उत्तर प्रदेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 193 रन बनाए। टीम की ओर से आर्यन जुयाल ने 51 तो मेरठ के समीर रिजवी ने भी 30 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस छोटी सी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू कश्मीर की टीम 15.3 ओवर में 9 विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी। उत्तर प्रदेश की ओर से मेरठ के सुनील कुमार ने 3.3 ओवर में 11 रन देकर दो विकेट लिए। उन्होंने किफायती गेंदबाजी की। मेरठ के ही भुवनेश्वर कुमार ने भी 2 ओवर में 14 रन देकर एक विकेट प्राप्त किया। गौरतलब है कि यूपी ने अपने पहले मैच में गोवा की टीम को हराया था। इस मैच में भी मेरठ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था। इस टूर्नामेंट में यूपी की टीम में मेरठ के पांच खिलाड़ी शामिल हैं।