मेरठ। जीआई विशेषज्ञ पद्मश्री डाॅ. रजनीकांत बनारसी के साथ बाईपास स्थित होटल मार्स में मेरठ सराफ व्यापारियों के साथ देर रात बैठक हुई। इसमें बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मेरठ के हस्त निर्मित आभूषणों और उनकी विशेषताओं के बारे में बताया।
डॉ. रजनीकांत ने बताया कि मेरठ के आभूषण विश्वभर में जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि मेरठ के हस्तनिर्मित आभूषण विश्व भर में अलग पहचान रखते हैं। मेरठ पश्चिम उत्तर प्रदेश ही नहीं देश में भी अपने चेन, कुंडल और अन्य बारीकियों के लिए जाना जाता है। यहां के कारीगरों का हुनर विश्व में अलग स्थान रखता है। पीएम भी अगर बात करते हैं तो वह भी आत्म निर्भर भारत के लिए मेरठ के उद्योग को विशेष स्थान देते हैं। मुख्यमंत्री योगी भी आभूषण बाजार को बढ़ावा देने के लिए गंभीर हैं। यहां के आभूषण जीआई टैग युक्त होंगे।
उन्होंने भी लखनऊ में हुए कार्यक्रम में मेरठ के फैक्टरी फ्लेटेड काम्प्लेक्स की वरीयता का मुद्दा उठाया। आभूषण बाजार को जीआई टैग दिलाने का प्रयास किया जाएगा। बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि मेरठ के आभूषण विभिन्न माध्यमों निर्यात भी हो रहे हैं। कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग दिपेंद्र कुमार, बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन से प्रदीप अग्रवाल, दीपक जौहरी, ऋषभ माहेश्वरी आदि रहे।