ग्राम कलीना निवासी निशानेबाज 8 जून को 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में देश के लिए लगाएंगे निशाने
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। युवा निशानेबाज चिराग शर्मा ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेरठ का नाम रोशन किया है। ग्राम कलीना निवासी चिराग शर्मा का चयन जूनियर विश्व चैंपियनशिप में हुआ है। प्रतियोगिता 16 से 26 जून तक जर्मनी के सुहल शहर में आयोजित होगी। चिराग 18 जून को 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चिराग शर्मा के पिता अमरदीप शर्मा किसान है। चिराग मेरठ शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं। चिराग शर्मा ने इससे पहले आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। चिराग शर्मा ने वंशिका चौधरी के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इसी प्रतियोगिता में 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक भी अपने नाम किया था। अकादमी के संस्थापक एवं कोच अभिनव चौहान ने बताया कि चिराग ने मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।
चिराग शर्मा की उपलब्धियां
चिराग ने 67वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा खेलो इंडिया यूथ गेम्स में रजत पदक हासिल किया। 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता।व र्ष 2026 में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में जूनियर टीम के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप काहिरा 2026 में व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक और मिक्स टीम इवेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।