तुम्हारा बेटा दुष्कर्म केस में फंस गया है, वह थार गाड़ी में अपने दो दोस्तों के साथ था। उसके दोस्तों को तो जेल भेज दिया है, लेकिन तुम्हारा बेटा बार-बार तुमसे बात करने के लिए गिड़गिड़ा रहा था। लड़की की तबीयत ज्यादा खराब है, बेटे को बचाना चाहते हो तो एक लाख रुपये अकाउंट में डाल दो। ठगों ने इस तरह जाल बिछाया कि दुल्हैड़ा निवासी व्यक्ति उनके जाल में फंस गए और 10 हजार रुपये अकाउंट में डाल दिए। जानकारों से रुपये मांगे तो उन्हें शक हुआ और उनके बेटे को मामले की जानकारी दी।
बेटे ने बताया कि उनका एक रिश्तेदार मेरठ स्थित निजी अस्पताल में कई दिन से भर्ती है। वह रविवार को अस्पताल गया था। दोपहर के समय उनके पिता के फोन पर व्हाटसएप कॉल आई। ठगों ने कहा कि तुम्हारा बेटा दुष्कर्म के मामले में फंस गया है। उन्होंने एक जानकार से उनके खाते में 10 हजार रुपये डलवा दिए।
दूसरे जानकार से रुपये डालने के लिए कहा तो 90 हजार रुपये उनके अकाउंट में नहीं गए। 50 हजार रुपये डाले तो वह भी नहीं गए। बताया कि ठग उनके साथ कॉल पर बने हुए थे, जिस कारण वह मैसेज लिखकर अपने जानकार को पैसे डालने के बारे में बता रहे थे। ठगों ने 20-20 हजार रुपये डालने के लिए कहा।
शक हुआ तो जानकारों ने बेटे को फोन किया और मामले की जानकारी दी। पिता से बेटे ने संपर्क किया तो मामला खुला, जिस पर पिता ने ठगों का फोन काट दिया और पैसे डालने से इंकार कर दिया। बेटे ने इस मामले में साइबर सेल में शिकायत की है।