फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut: मेट्रो स्टेशन के बाहर स्कॉर्पियो सवारों ने महिला को कार में किया अगवा, तलाश जारी

Wed, 24 Jun 2026 10:07 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ के ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास महिला को कथित तौर पर स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने तीन किलोमीटर तक पीछा किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
विज्ञापन
दिल्ली रोड पर वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ के ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार रात एक महिला को कथित तौर पर जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने की घटना से सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती मदद के लिए चिल्लाती रही, जबकि वाहन सवार उसे लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और अब पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

विज्ञापन




मेट्रो स्टेशन के पास हुआ घटनाक्रम
सरस्वती लोक निवासी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रोहित कपूर ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वह अपने साथी एकांश गोयल के साथ कार्यालय से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास उन्होंने देखा कि एक वाहन से उतरे युवक ने वहां खड़ी एक महिला को जबरन वाहन के भीतर खींच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि विरोध की आशंका के बीच वाहन सवारों ने उनकी दोपहिया वाहन को भी टक्कर मारने की कोशिश की, जिससे वे बाल-बाल बच गए।

विज्ञापन

स्कूटी से शुरू किया पीछा
घटना के बाद रोहित कपूर और उनके साथी ने तुरंत दोपहिया वाहन उठाया और संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू कर दिया। दोनों ने करीब तीन किलोमीटर तक वाहन का पीछा किया। उनके अनुसार पीछा करने के दौरान युवती लगातार मदद के लिए आवाज लगाती रही, जबकि वाहन सवार तेजी से आगे बढ़ते रहे।

खुला गेट लेकर भागते रहे आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि पीछा किए जाने के दौरान वाहन का एक गेट खुला हुआ था, लेकिन इसके बावजूद चालक वाहन को तेज गति से दौड़ाता रहा। रिठानी की ओर बढ़ते हुए वाहन परतापुर दिशा में निकल गया। दूरी बढ़ने और संभावित खतरे को देखते हुए पीछा कर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना देकर वापस लौटना उचित समझा।

बड़ा हादसा होने की आशंका
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन से जुड़े गौरव शर्मा ने बताया कि तेज रफ्तार वाहन का खुला गेट किसी अन्य वाहन से टकरा सकता था, जिससे गंभीर हादसा हो सकता था। इसी कारण पीछा करने वालों ने सावधानी बरतते हुए पुलिस को सूचना देना बेहतर समझा।

नंबर के आधार पर तलाश शुरू
घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहन का नंबर लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और वाहन सवारों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

विज्ञापन

क्या है पूरा मामला, जांच के बाद होगा स्पष्ट
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला अपहरण का है या फिर किसी प्रकार के आपसी विवाद से जुड़ा है। संबंधित लोगों की पहचान और पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

ये बोली पुलिस  
पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि संदिग्ध वाहन सवारों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन से लेकर परतापुर मार्ग तक लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें