खरदौनी गांव के निकट सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बृहस्पतिवार सुबह तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया और प्रारंभिक जांच में हत्या कर शव को यहां लाकर फेंकने की आशंका जताई है।
खरखौदी में ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को सड़क किनारे झाड़ियों से तेज बदबू आने की सूचना पुलिस को दी। लावड़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, लेकिन मृतक की पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या साक्ष्य नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव तीन से चार दिन पुराना होने के कारण काफी सड़ चुका था।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। घटनास्थल से ऐसे कोई सुराग नहीं मिले हैं, जिनसे यह स्पष्ट हो सके कि हत्या कहां हुई और शव यहां कैसे लाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की तीन से चार दिन पुरानी फुटेज खंगाल रही है। मृतक की शिनाख्त के लिए उसका फोटो आसपास के थानों और पड़ोसी जिलों की पुलिस को भेजा गया है। गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान कराया जा रहा है।
सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला दूसरी जगह हत्या कर शव को यहां फेंकने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
ये भी देखें...
Meerut: परीक्षितगढ़ में घर में ही लटका मिला युवक का शव, बराबर वाले कमरे में सो रही थी पत्नी, मची चीख-पुकार