नौचंदी क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने बृहस्पतिवार शाम सरेराह रतन कुंज कॉलोनी निवासी चांदनी श्रीवास्तव से चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने बाइक नहीं रोकी और महिला को करीब 200 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग बदमाशों के पीछे दौड़े। भीड़ को पीछा करते देख बदमाश रंगोली मंडप की ओर भागे। इस दौरान उनकी बाइक गड्ढे में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। बदमाश बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बाइक कब्जे में ले दी है और बदमाशों की तलाश में लगी है। पीड़िता बिजली विभाग के अधिकारी की पत्नी बताई गई है।
रतन कुंज निवासी चांदनी श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार शाम टहलने के लिए घर से निकली थीं। गढ़ रोड से होते हुए सेक्टर-6 स्कूल की तरफ जा रही थीं। एक बैंक के पास पहुंचते ही पीछे से बाइक सवार दो बदमाश उनके पास आए और गले से चेन खींचने लगे। खींचतान के दौरान चांदनी बदमाशों की बाइक से टकराकर सड़क पर गिर गईं। इसके बाद भी बदमाशों ने बाइक नहीं रोकी और उन्हें सड़क पर घसीटते हुए 200 मीटर तक ले गए।
पीड़िता लगातार शोर मचाती रहीं। सड़क पर घिसटने से उनके शरीर में कई जगह चोटें आईं। महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। भीड़ को पीछे आते देख बदमाश रंगोली मंडप की ओर भागने लगे। उनकी बाइक रंगोली मंडप के पास गड्ढे में गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंची नौचंदी पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। सीओ सिविल लाइन दीक्षा भौरिया ने बताया कि बदमाशों की तलाश में टीम लगा दी गई है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। बाइक नंबर के आधार पर पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
कैमरों में कैद हुए संदिग्ध
पीड़िता ने घटना के बाद डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बाइक सवार दो संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस बाइक और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
ये भी देखें...
मे
रठ: अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में चार गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल; पिस्टल व 46 कारतूस बरामद