मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में महिला की इलाज के दौरान मौत होने पर बखेड़ा हो गया। मृतक के परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं डॉक्टर मौके से फरार है।
मेडिकल थाना क्षेत्र निवासी एक महिला को बुधवार को प्रसव पीड़ा होने के बाद दयावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां डिलीवरी होने के बाद महिला की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों को समझाबुझाकर लोगों को शांत किया।
परिजनों ने अस्पताल के डॉ निरिप्पन शर्मा के खिलाफ तहरीद देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं हंगामा बढ़ता देख अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।