ताइक्वांडो प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ी
हर्षित राणा और शिवम चौहान का राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लखनऊ के के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में 30 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता में मेरठ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। स्वर्ण पदक जीतने वाले दोनों खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।
जूनियर अंडर-51 किग्रा वर्ग में हर्षित राणा और सब-जूनियर अंडर-50 किग्रा वर्ग में शिवम चौहान ने स्वर्ण पदक जीतकर मेरठ का नाम रोशन किया। वहीं कैडेट अंडर-41 किग्रा वर्ग में दर्शिक जोशी तथा कैडेट अंडर-45 किग्रा वर्ग में आरव कश्यप ने कांस्य पदक हासिल किया।
हर्षित राणा और शिवम चौहान के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होने से मेरठ के ताइक्वांडो खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है। वरिष्ठ ताइक्वांडो खिलाड़ी पूर्णेंदु झा ने मुख्य कोच अमन कुमार समेत सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।